April 29, 2022


मां सावित्री देवी से मिलने पंचूर गांव जाएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 3 मई 2022 का तय हुआ कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव जा रहे हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास का कार्यक्रम तय किया गया
  • 3 मई 2022 को मां सावित्री देवी से मिलने पंचूर गांव जाएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 मई 2022 को मां सावित्री देवी से मिलने अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे। पंचूर गांव उत्तराखंड के यमकेश्वर में स्थित है। करीब पांच साल पहले फरवरी 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतिम बार अपनी मां से मिले थे। तब से वह अभी तक गांव नहीं जा सके। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचेंगे। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास का कार्यक्रम तय हो चुका है। उत्तराखंड में इसे लेकर तैयारी शुरू हो गयी है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तराखंड प्रवास कार्यक्रम की पुष्टि किया है। 

उत्तराखंड में सीएम योगी के कार्यक्रम

  •  मां से मिलने से पहले योगी यमकेश्वर जाएंगे। वहां, डिग्री कॉलेज बिठयानी में योगी अपने गुरु अवैद्यनाथ की मूर्ति का अनावरण करेंगे। 
  •  कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी योगी के साथ मौजूद रहेंगे। 
  •  यहां के बाद सीएम योगी अपनी मां से मिलने पंचूर गांव जाएंगे। 
  •  4 और 5 मई को उत्तराखंड में सीएम योगी क्या करेंगे, इस बात का कोई आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। 
  •  खबर है कि इन तारीखों पर योगी देहरादून और हरिद्वार में अलग-अलग कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे।

पिता की मौत पर भी घर नहीं जा सके थे योगी

वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। उस समय कोरोना महामारी के दौर में कोविड प्रोटोकॉल के चलते वह अपने पिता के निधन के बाद भी घर नहीं जा सके थे। साल 2022 में भी एक चुनावी रैली करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोटद्वार, उत्तराखंड गए थे, लेकिन तब भी वे अपनी मां से मिलने घर नहीं जा पाए थे। 






Advertisement

Trending News