December 27, 2024


BREAKING : कल राजकीय सम्मान के साथ 11:45 बजे होगा डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार

BREAKING : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का बीते 26 दिसंबर, 2024 को रात 9.51 बजे निधन हो गया, उन्होंने 92 साल की उम्र में नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत देश भर के तमाम प्रमुख राजनेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं डॉ. मनमोहन सिंह का कल राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।


पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कल शनिवार को सुबह 9.30 बजे शुरू होगी। उनके पार्थिव शरीर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से श्मशान घाट तक ले जाया जाएगा। मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को 11 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा।


राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से एक पत्र भी सामने आया है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव जी. पार्थसारथी की ओर से जारी किए गए इस पत्र में कहा गया है- “सरकार की ओर से निर्णय लिया गया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार 28 दिसंबर, 2024 को सुबह 11:45 बजे निगमबोध घाट, नई दिल्ली में होगा। रक्षा मंत्रालय से अनुरोध है कि पूरे सैन्य सम्मान के साथ राजकीय अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जाए।”