BIG BREAKING : पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का दिल्ली के AIIMS हॉस्पिटल में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि उन्हें आज शाम तबीयत बिगड़ने के बाद AIIMS में भर्ती कराया गया, जहां उनका निधन हो गया.
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, जो दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं, का निधन 92 वर्ष की उम्र में हुआ है. वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे. इससे पहले भी उन्हें कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था.
मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, बोले- उन्होंने आर्थिक नीति पर एक मज़बूत छाप छोड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने दिवंगत पीएम के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "मनमोहन सिंह जी भारत के सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक थे, साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वह एक बेहतरीन अर्थशास्त्री बन गए और उन्होंने वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मज़बूत छाप छोड़ी।"
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक
पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जो देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है – सांसद राहुल गांधी ने जताया शोक
मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया।श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।