September 21, 2022


आज Sonia Gandhi से मिलेंगे Ashok Gehlot, पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव पर होगी चर्चा


नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव (Congress President Election) को लेकर पार्टी में गहमागहमी तेज है। कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव आशोक गहलोत (Ashok Gehlot) बनाम शशि थरूर होता दिखाई दे रहा है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक राजस्थान के मुख्यमंत्री आशोक गहलोत के साथ-साथ सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) भी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे।

इस बीच राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत आज दिल्ली दौर पर हैं। वो यहां पार्टी की अतंरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी से गहलोत की ये मुलाकात अध्यक्ष पद को लेकर होगी। इस दौरान दोनों नेता पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव पर चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अशोक गहलोत सोनिया गांधी से मिलने के बाद केरल भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं।

इससे पहले मंगलवार को अशोक गहलोत ने जयपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कहा था यदि वह पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन भरेंगे तो विधायकों को दिल्ली पहुंचने का संदेश आयेगा। उन्होंने कहा कि वह कोच्चि जायेंगे और राहुल गांधी से पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का आग्रह करेंगे।

इससे पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक शशि थरूर ने सोनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी थी, जिसे मंजूरी मिल गई है। सोनिया गांधी ने कहा- कोई भी चुनाव लड़ सकता है। शशि थरूर ने कहा कि वो आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं।

ऐसे में अगर थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करते हैं तो फिर चुनाव होना तय है। इस बीच खबरें आ रही है कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 26 से 28 सितंबर के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

पार्टी सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार से कोई नामांकन दाखिल नहीं करेगा। गौरतलब है कि राहुल गांधी पहले भी कई संकेत दे चुके हैं कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का प्रमुख नहीं बनने के अपने पुराने रुख पर कायम हैं। इस बीच सोमवार को एक बार फिर से राहुल गांधी को ही कांग्रेस का अध्यक्ष बनने की मांग उठी। राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और बिहार की कांग्रेस इकाइयों ने प्रस्ताव पारित कर कहा कि राहुल गांधी को एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को नॉटिफिकेशन जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। एक से ज्यादा उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 19 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।



Advertisement

Trending News